ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और सुगम आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एमपी ऑनलाइन टीम ने मंगलवार को विश्वविद्यालय को दो ई-रिक्शा भेंट किए। इन ई-रिक्शा का उपयोग विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.राजकुमार आचार्य ने एमपी ऑनलाइन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग विश्वविद्यालय परिसर में हरित एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के संचालन से परिसर में आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, आईटी नोडल अधिकारी एच.के. द्विवेदी, मयंक भवनानी सहित एमपी ऑनलाइन टीम की आरती श्रीवास्तव, अभय कर्ण, हितेश ताथे, शैलेन्द्र डंडोतिया एवं रवि गरुड़ उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों ने ई-रिक्शा का अवलोकन किया तथा इसे विश्वविद्यालय परिसर में संचालित किए जाने की औपचारिक शुरुआत की।