क्रियेटिव के प्रत्याशी अधर में, वहीं व्हाईट का प्रचार भी शुरू
- सुरेश बंसल करौली गये, बाबा ने जन्मदिन मनाया
(विनय अग्रवाल)
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एंड इण्डस्ट्रीज के चुनावों के लिये व्हाईट हाउस के आधे घोषित प्रत्याशी अभी से चुनाव प्रचार में लग गये है, हालांकि अभी चुनाव की तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पारस जैन सहित सचिव प्रत्याशी दीपक अग्रवाल व कोषाध्यक्ष पद प्रत्याशी मनोज अग्रवाल बाबा ने अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया हैं। वहीं क्रियेटिव हाउस के प्रत्याशी घोषित न होने से क्रियेटिव हाउस से जुड़े चेंबर सदस्यों में अभी चुनाव बुखार नहीं चढ़ा हैं। ऐसा माना जा रहा है कि रविवार को क्रियेटिव हाउस अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर सकता हैं।
चेंबर चुनावों में व्हाईट हाउस ने अपने तीन प्रत्याशी घोषित कर चुनावी चहल पहल शुरू कर दी हैं। इन तीनों प्रत्याशियों पारस जैन, दीपक अग्रवाल व मनोज अग्रवाल बाबा के यहां इसी कारण चेंबर व व्यापारी सदस्य जुड़ने लगे हैं। देर रात तक बैठकों के दौर चल रहे है। वहीं सुबह होते ही यह व्हाईट हाउस के प्रत्याशी अपने चेंबर मतदाताओं के संस्थानों में दस्तक दे रहे हैं और दोपहर व सायंकाल व्यापारी समूह में बैठकें भी कर रहे हैं। इधर बताया जाता है कि पहले प्रत्याशी घोषित करके व्हाईट हाउस ने इतना जरूर कर लिया है कि उसके तीनों प्रत्याशी अब तक चेंबर के 30 प्रतिशत सदस्यों तक से संपर्क कर चुके हैं। वहीं क्रियेटिव हाउस ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। क्रियेटिव ने हालांकि अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी न उतारने का निर्णय लिया है, लेकिन संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानसेवी सचिव, सह सचिव व कोषाध्यक्ष पद पर क्रियेटिव के प्रत्याशी उतरेंगे?
क्रियेटिव के यह प्रत्याशी होंगे?
क्रियेटिव हाउस भले ही रविवार को अपने प्रत्याशी घोषित करें, लेकिन उसके प्रत्याशी संयुक्त अध्यक्ष पद पर सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल, सचिव पद पर राकेश अग्रवाल, सहसचिव पद पर सौरभ गुप्ता व कोषाध्यक्ष पद पर अजय गोयल का आना लगभग तय हैं। इन सभी संभावित प्रत्याशियों ने अपनी व्यापक तैयारियां कर ली है और अपने विश्वस्त साथियों को चुनावी मैनेजमेंट की कमान भी सौंप दी है, रोज बैठकें भी कर रहे हैं, केवल मैदानी प्रचार शुरू नहीं किया है।
सुरेश बंसल करौली में
क्रियेटिव हाउस के संयुक्त अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी व अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष सुरेश बंसल शुक्रवार को करौली गये हैं। उन्होंने वहां कैला महारानी की विशेष पूजा अर्चना की और मैय्या का आर्शीवाद लिया।
बाबा का कार्यालय ज्येन्द्रगंज में
व्हाईट हाउस के कोषाध्यक्ष प्रत्याशी मनोज अग्रवाल बाबा ने सबसे पहले अपना कार्यालय ज्येन्द्रगंज में खोलकर चुनावी रंगत डाल दी है। उन्होंने शुक्रवार को जीवाजी क्लब में सुंदरकांड का आयोजन कर अपना जन्मदिवस भी मनाया।