पर्यावरण की रक्षा के लिये स्वयं सचेत हों और दूसरों को भी जागृत करें: मंत्री कुशवाह

- विश्व पर्यावरण दिवस पर निकली विशाल पर्यावरण रैली 
ग्वालियर।  पर्यावरण की रक्षा के लिए स्वयं सचेत हों और दूसरों को भी इसके लिये जागृत करें। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से ही संभव नहीं है, इसके लिये समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इस आशय के विचार सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने विश्व पर्यावरण दिवस पर गाँधी उद्यान फूलबाग में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम में विधायक मुन्नालाल गोयल व चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।  
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली का शुभारंभ अचलेश्वर चौराहा पर पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि लोकेन्द्र पाराशर एवं कर्नल डी बी शर्मा ने हरी झण्डी दिखाकर किया। यह रैली सनातन धर्म मंदिर रोड, इंदरगंज, जयेन्द्रगंज, नदी गेट व गुरुद्वारा होते हुए गांधी उद्यान फूलबाग पहुँची और यहां पर पर्यावरण संरक्षण पर केन्द्रित कार्यक्रम के साथ रैली का समापन हुआ। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। मंत्री कुशवाह ने इस अवसर पर आह्वान किया कि सभी नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाकर हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।  पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि हम आज पर्यावरण के प्रति सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। 
पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से पर्यावरण जागरूकता के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय संतुलन एक-दूसरे के पूरक हैं। उद्योगों एवं व्यापारिक संस्थानों को पर्यावरण अनुकूल तकनीकों और व्यवस्थाओं को अपनाकर हरित विकास की दिशा में योगदान देना चाहिए।कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ग्वालियर डी.बी.एस. जाटव तथा विनोद गर्ग, संजय धवन, प्रिया तोमर, ओमप्रकाश शर्मा, डॉ. डी.बी. राय सहित गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा हरित भविष्य के निर्माण के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन विनोद गर्ग ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अधिकारी सुश्री रागिनी यादव द्वारा किया गया। 


posted by Admin
12

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->