बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री कुशवाह
ग्वालियर। सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को दक्षिण क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से स्वीकृत इन कार्यों में डामरीकृत सड़क, सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन तथा आरसीसी नाला निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। श्री कुशवाह ने कन्या पूजन कर इन सभी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कुल मिलाकर लगभग 3 करोड़ 62 लाख रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर मंत्री कुशवाह ने कहा कि लश्कर सहित सम्पूर्ण ग्वालियर दक्षिण क्षेत्र का सुनियोजित विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सड़क, जल निकासी, सामुदायिक सुविधाएं और अन्य बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जनहित के सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।