विश्व पर्यावरण दिवस पर झांसी रेल मंडल की हरित पहल

- साइकिल रैली, वृहद पौधरोपण एवं सफाईमित्र सम्मान समारोह का आयोजन
झांसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झांसी रेल मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में साइकिल रैली, वृहद पौधरोपण कार्यक्रम तथा सफाईमित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसमें मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से रेल सुरक्षा बल कार्यालय परिसर तक साइकिल चलाकर स्वच्छ पर्यावरण, हरित ऊर्जा एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। साइकिल रैली में रेल सुरक्षा बल, स्काउट एंड गाइड, बीटीसी के प्रशिक्षुओं एवं खिलाड़ियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।
इसके उपरांत आरपीएफ कमांडेंट कार्यालय परिसर स्थित मियावाकी वन क्षेत्र में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न देशी, औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के 1500 से अधिक पौधे लगाए गए। पौधरोपण में पारस, पीपल, जामुन, अर्जुन, पिलखन, नीम, महुआ, कचनार, गुलमोहर, शीशम, अशोक, बरगद, आम, अमरूद, बेलपत्र, तुलसी, अश्वगंधा, लेमन ग्रास, सर्पगंधा सहित अनेक प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाईमित्रों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने उन्हें सम्मान प्रदान करते हुए स्वच्छ रेलवे एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति द्वारा लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार बन सकता है। रेलवे द्वारा हरित एवं सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।”
पर्यावरण दिवस के अवसर पर डीजल लोको शेड, झाँसी परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल) की उपस्थिति में परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधों का रोपण किया गया। इसके अतिरिक्त मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों, शेड आदि स्थलों पर भी पौधरोपण किया गया

मियावाकी पद्धति : कम स्थान में घना वन विकसित करने की अभिनव तकनीक
आरपीएफ कमांडेंट कार्यालय परिसर में विकसित किया जा रहा मियावाकी वन झांसी मंडल की पर्यावरण संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण पहल है। मियावाकी पद्धति का विकास जापानी वनस्पति वैज्ञानिक प्रोफेसर अकीरा मियावाकी ने किया था।  इस पद्धति से विकसित वन सामान्य वनों की तुलना में लगभग 10 गुना तेजी से विकसित होते हैं तथा 30 गुना अधिक घने होते हैं। इन वनों में पक्षियों, तितलियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास विकसित होता है तथा इनके रखरखाव की आवश्यकता भी अपेक्षाकृत कम होती है। मियावाकी तकनीक में भूमि को लगभग दो मीटर गहराई तक तैयार कर वॉटर रिटेनर, परफोरेटर, ऑर्गेनिक मैन्योर एवं मल्चिंग जैसी जैविक परतों का उपयोग किया जाता है, जिससे पौधों की तीव्र एवं स्वस्थ वृद्धि सुनिश्चित होती है।

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 की प्रमुख उपलब्धियां
झांसी रेल मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 संचालित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “Climate Change: Focusing on the Challenges Posed by Mother Earth” रही। अभियान का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर किया गया था। अभियान के अंतर्गत मंडल के लगभग 90 रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं विभिन्न इकाइयों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित 440 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत झांसी मंडल में 40 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसके अतिरिक्त स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता रैलियां, क्विज प्रतियोगिताएं, जल संरक्षण कार्यक्रम, कपड़े के थैलों का वितरण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित की गईं।
रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा स्वयं की पानी की बोतल साथ रखने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरूकता फैलाई गई। अभियान में हजारों रेल यात्रियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, स्काउट एवं गाइड सदस्यों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षुओं एवं सफाईमित्रों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्यसाधन सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह सहित सभी ब्रांच अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

posted by Admin
13

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->