सभापति मनोज तोमर ने पक्षियों के लिए पेड़ों पर टांगे मिट्टी के सकोरे
ग्वालियर । भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम के सभापति मनोज तोमर ने एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की। उन्होंने आमखो पानी की टंकी परिसर क्षेत्र एवं क्षत्रिय मुक्तिधाम गुड़ा गुड़ी का नाका के विभिन्न पेड़ों पर लगभग 100 मिट्टी के सकोरे (जलपात्र) टंगवाए तथा उनमें नियमित रूप से पानी भरने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, ताकि गर्मी के इस कठिन दौर में पक्षियों को पानी की उपलब्धता बनी रहे।
इस अवसर पर सभापति मनोज तोमर ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण पक्षियों के सामने जल संकट उत्पन्न हो जाता है, जिससे उनके जीवन पर खतरा मंडराने लगता है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए पानी की व्यवस्था करे। उन्होंने नागरिकों से भी अपने घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी के पात्र रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पेड़ों पर मिट्टी के सकोरे टांगे गए और उनमें स्वच्छ पानी भरा गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि इन जलपात्रों में नियमित रूप से पानी भरा जाता रहे, ताकि पक्षियों को लगातार राहत मिलती रहे।