सौजना हाउसिंग परियोजना में शीघ्र मिलेगी जल एवं विद्युत सुविधा: साडा अध्यक्ष शर्मा
ग्वालियर। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष अशोक शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को शीतला सहाय प्रशासनिक भवन सौजना, तिघरा में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी एवं जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में साडा द्वारा निर्मित भवनों में विद्युत एवं जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने महाप्रबंधक, जल निगम ग्वालियर को जल प्रदाय व्यवस्था शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए प्रबंध संचालक, जल निगम भोपाल को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में जल निगम के महाप्रबंधक ने साडा की अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए जल आपूर्ति व्यवस्था लगभग छह माह में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सौजना हाउसिंग परियोजना के ड्यूप्लेक्स भवनों में 40 आवंटियों को शीघ्र कब्जा प्रदान किया जाना है। इसके लिए अंतरिम व्यवस्था के रूप में साडा क्षेत्र में स्थापित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जल आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ग्वालियर के आयुक्त को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के जनरल मैनेजर (ओएंडएम) पी.आर. पाराशर द्वारा सौजना हाउसिंग परियोजना के ड्यूप्लेक्स भवनों का निरीक्षण किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ड्यूप्लेक्स भवनों तक विद्युत आपूर्ति की आवश्यक व्यवस्था शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।
साडा अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवंटियों को समय पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए परियोजना को शीघ्र क्रियान्वित किया जाए। बैठक में साडा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती अनीशा श्रीवास्तव, जल निगम ग्वालियर के महाप्रबंधक जे.पी. गनोले, उपमहाप्रबंधक जोनी मडेलिया, प्रबंधक आर.डी. राठौर, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी ग्वालियर के जनरल मैनेजर पी.आर. पाराशर, डीजीएम नितिन यादव, सहायक यंत्री सुशील कपूर तथा साडा के अधिकारी हरनाम सिंह, संपदा अधिकारी नबल सिंह राजपूत एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।