15 जून से आईएसबीटी से भी मिलेंगीं मुरैना एवं भिण्ड के लिए बसें

- ऊर्जा मंत्री तोमर एवं सांसद कुशवाह की मौजूदगी में हुई बैठक 
ग्वालियर ।  ग्वालियर में यातायात प्रबंधन के लिये ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह ने संयुक्त रूप से बैठक लेकर यातायात प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। ग्वालियर से मुरैना एवं भिण्ड जाने वाले यात्रियों के लिये अब पुराने बस स्टेण्ड के साथ-साथ ग्वालियर में नवनिर्मित आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस अड्डा) से भी यात्री बसें उपलब्ध होंगीं। इस आशय का निर्णय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में बस ऑपरेटर्स यूनियन के सदस्यों ने भी इस निर्णय पर सहमति प्रदान की। ऊर्जा मंत्री तोमर एवं सांसद कुशवाह ने सभी व्यवस्थायें पूर्ण कर 15 जून से आईएसबीटी से भी बसों का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।  
कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में रविवार को यातायात प्रबंधन के संबंध में आयोजित बैठक में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह ने संयुक्त रूप से शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यातायात प्रबंधन के लिये आयोजित बैठक में ग्वालियर शहर से संचालित वीडियोकोच बसों का संचालन भी आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड) से करने की सहमति हुई। इस संबंध में वीडियोकोच बस संचालकों से भी चर्चा की जायेगी। मुरैना एवं भिण्ड के लिये संचालित यात्री बसें पुराने बस स्टैण्ड से चलकर आईएसबीटी पहुँचेंगीं और वहां से सवारियां लेकर रवाना होंगीं। सभी बसों को आईएसबीटी पर पहुंचना अनिवार्य होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुराने बस स्टैण्ड से आईएसबीटी तक पहुंचने के लिये यात्रियों को बेहतर परिवहन व्यवस्था उपलब्ध हो, इसके लिये पुलिस विभाग के माध्यम से ऑटो एवं अन्य सवारी वाहनों की दरें भी निर्धारित की जायेंगीं ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित “द सूत्र बस सेवा” का संचालन भी आईएसबीटी बस स्टैण्ड से ही किया जायेगा। 
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जवाबदारी हम सभी की है। ग्वालियर के बस ऑपरेटर इसमें सहयोग करें और ग्वालियर में आधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड का संचालन व्यवस्थित रूप से हो ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधायें मिल सकें। यातायात प्रबंधन ने शासन-प्रशासन के साथ-साथ सभी लोग सहभागी बनें इसकी महती आवश्यकता है। क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से ग्वालियर में एक आधुनिक बस स्टैण्ड का निर्माण किया गया है। इसका बेहतर उपयोग हो, इसके लिये हम सबको आपसी सहमति के साथ यातायात प्रबंधन की दृष्टि से उपयोग करना चाहिए। ग्वालियर का पुराना बस स्टैण्ड शहर के मध्य होने के कारण यातायात में अव्यवस्थायें होती हैं। ग्वालियर से मुरैना एवं भिण्ड की ओर जाने वाली बसें नए बस स्टैण्ड से होकर संचालित हों ताकि यात्रियों को सुविधा हो और नए बस स्टैण्ड का संचालन भी व्यवस्थित रूप से प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि ग्वालियर से संचालित सभी वीडियोकोच बसें भी नए बस स्टैण्ड से संचालित हों, यह भी निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वीडियोकोच संचालकों से भी चर्चा कर इस निर्णय का पालन सुनिश्चित करायेंगे। 
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये नए बस स्टैण्ड का संचालन सभी की सहमति से शीघ्र अतिशीघ्र प्रारंभ हो, यह जरूरी है। मुरैना एवं भिण्ड की बसें नए बस स्टैण्ड से होकर रवाना हों ताकि वहां के यात्रियों को भी सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैण्ड तक पहुँचने के लिये यात्रियों को सुगम यातायात प्रबंधन के लिये भी प्रशासन व पुलिस की ओर से सार्थक प्रयास किए जायेंगे। इसके लिये ऑटो एवं सवारी वाहनों की दरें निर्धारित करने का कार्य किया जाएगा। निजी वाहनों से सवारी लेजाने वालों पर पुलिस विभाग के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह ने कहा कि यातायात के बढ़ते दबाव के कारण शहर में यातायात प्रबंधन में कई प्रकार की समस्यायें आती हैं। यात्री बसों का संचालन नए बस स्टैण्ड से प्रारंभ हो, इसके लिये सभी को मिलकर सार्थक प्रयास करना होंगे। मुरैना एवं भिण्ड की बसें नए बस स्टैण्ड से होकर निकलें, यह व्यवस्था शीघ्र प्रारंभ की जाना चाहिए। पुलिस विभाग के माध्यम से रास्ते में पिकअप केन्द्र स्थापित करने का कार्य भी किया जायेगा। इसके साथ ही यात्री वाहनों की दरें निर्धारित करने का कार्य भी परिवहन विभाग द्वारा सुनिश्चित किया जायेगा। 


posted by Admin
11

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->