हजारों लोगों की उपस्थिति में अध्यात्म, संगीत और साउंड हीलिंग से सराबोर हुआ 'द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय १: आरंभ'



शुभांगी चौहान की प्रस्तुतियों ने बाँधा समाँ; शहर में मंत्रों, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा से देर रात तक भक्तिमय रहा माहौल

इंदौर, : तेज़ रफ्तार से भागती जिंदगी, बढ़ता तनाव और हर दिन की जिम्मेदारियों के बीच शनिवार की शाम इंदौर ने सुकून को बेहद करीब से महसूस किया। स्काईलाइन होटल एंड रिसॉर्ट में आयोजित 'द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय १: आरंभ' ने शहर में अध्यात्म, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा की ऐसी लहर चलाई, जिसमें घुलकर हर कोई खुद को हल्का और शांत महसूस करता नजर आया। भारत के पहले हीलिंग और स्पिरिचुअल कॉन्सर्ट के रूप में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा, परिवार, प्रोफेशनल्स और संगीत प्रेमी शामिल हुए। मंत्रों की गूँज, सिंगिंग बाउल्स की ध्वनियों और भक्तिमय प्रस्तुतियों के बीच पूरा परिसर देर रात तक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।

*कार्यक्रम का शुभारंभ इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा* , "इंदौर ने स्वच्छता में लगातार देशभर में नंबर वन बनकर एक नई पहचान बनाई है और अब योग, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के क्षेत्र में भी इंदौर देश के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को भीतर से मजबूत बनाने का कार्य करते हैं और इंदौर की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देते हैं।"

इस विशेष आयोजन में संगीत, मंत्रों, साउंड हीलिंग और सामूहिक ऊर्जा का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने लोगों को शुरुआत से अंत तक बाँधे रखा। कार्यक्रम में लाइव भजन जैमिंग, मंत्रोच्चार, साउंड हीलिंग और शिव-शक्ति ऊर्जा के विशेष अनुभवों ने इंदौरियों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। कॉन्सर्ट के आयोजक के रूप में जानी-मानी वेलनेस कोच शुभांगी चौहान ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस विशेष आयोजन में देश की जानी-मानी पब्लिक रिलेशन्स एजेंसी, पीआर 24x7 पीआर पार्टनर के रूप में जुड़ी रही।

कार्यक्रम में योग मित्र टीम द्वारा दी गई शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। टीम ने इंदौर को स्वस्थ, जागरूक और योगमय शहर बनाने के अपने संकल्प को बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के बाद पूरे परिसर में “इंदौर रहेगा नंबर 1” के जोशीले नारों की गूँज सुनाई दी, जिसने माहौल में नई ऊर्जा भर दी।

'शिव तांडव', 'शिव शक्ति' और कई आध्यात्मिक धुनों पर शुभांगी चौहान तथा टिम द्वारा दी गई प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर झूमता नजर आया। कहीं लोग अपनी आँखें मूँदकर मंत्रों को महसूस कर रहे थे, तो कहीं भजनों की धुन पर पूरा माहौल भक्ति में डूबा दिखाई दिया। साउंड हीलिंग और सिंगिंग बाउल्स की ध्वनियों ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। मधुर सितार वादन ने भी वातावरण में आध्यात्मिक गहराई और शांति का अद्भुत रंग घोल दिया।

अपने हीलिंग सेशन के दौरान शुभांगी चौहान ने बेहद भावुक अंदाज़ में कहा, “मन अक्सर इसलिए भारी हो जाता है, क्योंकि हम भीतर मिलने वाली शांति को बाहर की दुनिया में तलाशते रहते हैं।” उनकी यह बात सुनकर पूरा सभागार कुछ पल के लिए आत्मचिंतन में डूबा नजर आया। उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को मानो आध्यात्मिक तीर्थों की यात्रा का अनुभव कराया। शिव और शक्ति के वास्तविक स्वरूप को संगीत, मंत्रों और भावनात्मक अभिव्यक्तियों के जरिए जिस खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया, उसने लोगों के मन को गहराई से स्पर्श किया।

कार्यक्रम की सबसे खास बातों में से एक 'मेन्टल वेलनेस के लिए कल्चरल इंटीग्रेशन के साथ सबसे बड़ा साउंड हीलिंग कॉन्सर्ट' के विश्व रिकॉर्ड ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सिंगिंग बाउल्स की सामूहिक ध्वनि के बीच पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और शांति से भर गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने इसे सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि भीतर तक सुकून पहुँचाने वाला अनुभव बताया।

इंदौर से मिली अपार सकारात्मक प्रतिक्रिया से मंत्रमुग्ध शुभांगी चौहान ने कहा, "इंदौर हमेशा से एक जीवंत, जागरूक और दिल से जुड़ा हुआ शहर रहा है। यहाँ के लोगों ने जिस तरह 'द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय १: आरंभ' को अपनाया और अपना अपार प्यार बरसाया, वह मेरे लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय अनुभव है। आज लोग जीवन में बहुत कुछ हासिल कर रहे हैं, लेकिन मानसिक शांति कहीं पीछे छूटती जा रही है। 'द हीलिंग कॉन्सर्ट' आयोजित करने का हमारा विचार यही था कि लोग कुछ समय के लिए अपने तनाव, चिंता और भागदौड़ से बाहर निकलकर संगीत और सकारात्मक ऊर्जा के बीच खुद को हल्का महसूस कर सकें और मुझे लगता है कि हम ऐसा कर पाने में सफल रहे।"

संचालकों ने कहा, "आज के समय में लोग सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि मानसिक शांति और भीतर के सुकून की भी तलाश कर रहे हैं। जब हजारों लोग एक साथ बैठकर मंत्रों, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा को महसूस करते हैं, तब वह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं रहता, बल्कि आत्मा को छू लेने वाला अनुभव बन जाता है। इंदौर की ऊर्जा, यहाँ के लोगों का अपनापन और अध्यात्म के प्रति उनका जुड़ाव इस आयोजन को और भी खास बना गया।"

कार्यक्रम में भगवद गीता के जीवन सूत्रों और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को आधुनिक प्रस्तुतियों के साथ जोड़ा गया, जिसने इंदौरी युवाओं को खास तौर पर आकर्षित किया। आयोजन के दौरान कई लोगों ने इसे मानसिक शांति और आत्मिक सुकून से जुड़ा एक अलग अनुभव बताया। ऐसे में इंदौर, जो अपनी स्वच्छता और तेज़ी से हो रहे शहरी विकास के लिए देशभर में पहचान बना चुका है, अब इस तरह के आयोजनों के जरिए मानसिक संतुलन और समग्र जीवनशैली को लेकर भी नई सोच के साथ आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

कुल मिलाकर, 'द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय १: आरंभ' केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसी शुरुआत है, जिसे आयोजक आने वाले समय में देश के अलग-अलग शहरों तक पहुँचाने की योजना बना रहे हैं। संगीत, मंत्र और सामूहिक ऊर्जा के जरिए मानसिक शांति और सकारात्मकता फैलाने की यह पहल आने वाले समय में एक बड़े सांस्कृतिक अभियान का रूप लेती दिखाई दे रही है।

posted by Admin
4

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->