स्वच्छता के प्रति जनता हो जागरूक : पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा
- स्वच्छता संवाद में आम नागरिकों ने दिए अपने सुझाव
ग्वालियर । स्वच्छता के प्रति हम सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान के बाद से अब गंदगी देशभर में मुददा बन चुकी है। देश तभी स्वच्छ होगा जब हम सभी अपनी अपनी जिम्मेदारियां समझेंगे। यह बात स्वच्छता संवाद में पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने कही। इस अवसर पर पूर्व सभापति गंगाराम बघेल, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, आईपीएस कॉलेज के डायरेक्टर अरून त्यागी, सामाजिक कार्यकर्ता महेश मुदगल सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
संवाद में पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने कहा कि शहर को साफ रखने में हम सभी शहरवासियों को अपना सहयोग देना होगा, सफाई कर्मचारी झाडू लगाकर जाता है और हम फिर वहीं कचरा डालकर उस स्थान को गंदा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कचरा गाडी नहीं आए तो शिकायत करों हम उस समस्या का समाधान करेंगे, लेकिन कचरा डस्टबिन और टिपर वाहन में ही डालें, सडक पर नहीं। पूर्व सभापति गंगाराम बघेल ने कहा कि हमें भी अपनी आदत और स्वभाव बदलनी हमारे चारों ओर गंदगी फैली रहती है, लेकिन हम उसे साफ करने की जगह इंतजार करते हैं कि नगर निगम आएगा और वह साफ करेगा। स्वच्छता अकेले नगर निगम की नही हम सभी की जिम्मेदारी है। अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने कहा कि शहर से 600 टन कचरा प्रतिदिन निकलता है, जिसमें आधा कचरा ही टिपर वाहनों के जरिए उठता है, कचरा अलग-अलग नहीं आने से नगर निगम के कर्मचारियों की मेहनत काफी अधिक बढ जाती है। आईपीएस कॉलेज के डायरेक्टर अरून त्यागी ने कहा कि निगम तो स्वच्छता अभियान चला रही है, हम भी कॉलेज के छात्रों के साथ मिलकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य करेंगें।