छाती में भरे 2 लीटर खून को निकाल कर मरीज को दिया जीवनदान
ग्वालियर। कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग बेहतर काम कर रहा है। यहां के शासकीय चिकित्सक दिन प्रतिदिन सर्जरी के क्षेत्र में नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज राकेश सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी धौलपुर 4 दिन पहले छत से गिर गया था, तब से लगातार उसके छाती में सीधे तरफ दर्द हो रहा था ओर सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। धौलपुर में कई जगह इलाज कराया लेकिन उसके दर्द में कोई आराम नहीं पड़ा, मरीज शासकीय सिविल अस्पताल बिरला नगर के सर्जरी विभाग की ओपीडी में आया, जहां डॉ. सुनील गुप्ता ने मरीज का परीक्षण किया और तत्काल आवश्यक जांचें कराई। जांच उपरांत पता चला कि मरीज की छाती में सीधी तरफ खून भरा है इस कंडीशन को हेमोथोरेक्स कहते है, यह अत्यंत गंभीर अवस्था होती है जिसका सही समय पर ईलाज नहीं किया जाए तो मरीज की जान भी जा सकती है।
मरीज की गंभीर अवस्था को समझते हुए डॉ. सुनील गुप्ता ने मरीज को तत्काल ऑपरेशन में लिया। मरीज का आपरेशन कर मरीज की छाती में ट्यूब डालकर लगभग 2 लीटर खून निकाल कर मरीज की जान बचाई, अभी मरीज की हालत स्थिर है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.के. मसूरिया ने कहा कि शासकीय सिविल अस्पताल बिरला नगर ग्वालियर के चिकित्सक नई- नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि यहां के चिकित्सको को उनकी मनसा अनुसार सुविधायें दें, ताकि वे निश्चित होकर सर्जरी व उपचार मरीज का कर सकें। इस उपलब्धि पर डॉ. सुनील गुप्ता को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर सचिन श्रीवास्तव एवं बिरला नगर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जे.के. मसूरिया ने बधाई दी ।