पुलिस कंट्रोल रूम के सर्वर रूम में लगी आग, एसपी ऑफिस में मची अफरातफरी
ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित सर्वर रूम से अचानक धुएं के गुबार निकलने लगे। घटना दोपहर 2 से 3 बजे के बीच की है। भीषण गर्मी के बीच शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग ने पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मचा दी। तत्काल एसएसपी धर्मवीर सिंह सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेड को सूचना दी। जब तक दमकल दस्ता पहुंचा पुलिस जवानों ने एसपी ऑफिस में लगे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पा लिया था। सर्वर रूम में कितना नुकसान हुआ है यह पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे सर्वर रूम से धुआं निकलता देख वहां मौजूद स्टाफ ने शोर मचाया और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस कंट्रोल रूम में मौजूद पुलिस जवान व अफसर समेत अन्य विभागों में काम करने वाले कर्मचारी वहां पहुंचे और अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं दमकल दस्ते को भी सूचना दे दी। पांच मिनट में फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के आने का इंतजार किए बिना पुलिसकर्मियों ने एसपी ऑफिस में रखे अग्निशमन यंत्रों का उपयोग किया और आग पर काबू पाया। घटना के समय लगभग 42 डिग्री सेल्सियस तापमान था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, ग्वालियर में भीषण गर्मी थी। सर्वर में इस कदर धुआं भरा था कि वहां खड़े होना भी मुश्किल हो रहा था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट बताई जा रही है। माना जा रहा है कि अत्याधिक तापमान और सर्वर लोड की वजह से फाल्ट हुआ होगा। फायर ब्रिगेड की टीम ने बाद में मौके पर पहुंचकर कूलिंग की और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया। सर्वर रूम में रखे तकनीकी उपकरणों और रिकॉर्ड्स को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका ऑडिट किया जा रहा है।