6 हजार की रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, PM आवास की किश्त के लिए मांगी थी रकम
सागर। मध्यप्रदेश में सागर लोकायुक्त पुलिस ने दमोह जिले की ग्राम पंचायत तेजगढ़ के सचिव को प्रधानमंत्री आवास योजना की जियो टैगिंग और दूसरी किश्त जारी कराने के नाम पर 6000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक चौकीदार को सह आरोपी बनाया गया है।
एसपी लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा ने बताया कि ग्राम तेजगढ़ निवासी महेन्द्र कोष्टी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी उषा कोष्टी के नाम स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की जियो टैगिंग करने और दूसरी किश्त जारी कराने के एवज में ग्राम पंचायत सचिव जुगराज सिंह द्वारा 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आवेदन का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी सचिव द्वारा आवेदक से चार हजार रुपए रिश्वत राशि प्राप्त की गई थी।
इसके बाद आज निरीक्षक मंजू किरण और निरीक्षक रंजीत सिंह के नेतृत्व में गठित ट्रेप दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिव जुगराज सिंह को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि गुड्डा रैकवार नामक चौकीदार को रिश्वत लेने में सहयोग करने के आरोप में सह आरोपी बनाया गया है तथा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।