कांग्रेस पार्षद शकील मंसूरी पर जानलेवा हमला
- बाबा कपूर के उर्स में डीजे बंद कराने को लेकर हुई थी कहासुनी
ग्वालियर। डीजे पर अश्लील गाने चलाने को रोकना कांग्रेस पार्षद व एफआईसी सदस्य शकील मंसूरी और उसके भाई को महंगा पड़ गया। हमलावरों ने कांग्रेस पार्षद पर लोहे के सरियों, पत्थर से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। पार्षद के सिर में आठ टांके आए हैं। पार्षद और उनके भाई को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार दोपहर की बाबा कपूर की दरगाह की है। कांग्रेस पार्षद व उसके भाई पर हमला करने वाले हमलावर फरार है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को बाबा कपूर पर उर्स समारोह चल रहा था और उस कार्यक्रम में रात 9 बजे के लगभग युवक अरमान खान, फिरोज व उनके चार से पांच अन्य साथी डीजे पर अश्लील गाने बजा रहे थे। जिसे उर्स की व्यवस्था सम्हाल रहे कांग्रेस पार्षद शकील मंसूरी और उनके एडवोकेट भाई इमरान खान ने बंद करा दिया था। दोनों पक्षों में डीजे बंद कराने को लेकर कहासुनी हो गई और उस समय स्थानीय लोगों ने मामला शांत करा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार के विवाद को लेकर रविवार को हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से पार्षद और उसके चचेरे भाई को निशाना बनाया। जब पार्षद का भाई एडवोकेट इमरान दरगाह स्थित अपना ऑफिस खोल रहा था तभी अरमान, फिरोज समेत अन्य युवकों ने उस पर हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। आसपास लोगों ने किसी तरह उनको बचाकर हॉस्पिटल पहुंचाया। हमले की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षद के समर्थक इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्षद शकील मंसूरी ने बताया कि अरमान खान, अरमान का लड़का रहीस खान और उसके साथियों ने मेरे और मेरे परिवार पर जानलेवा हमला किया और फायरिंग कर मेरी सोने की चेन छीन ले गये। साथ ही बंदूक के बट से सिर फोड़ दिया। इस मामले में थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि उर्स के दौरान प्रसाद वितरण और कब्बाली के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था। पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।