कांग्रेस किसानों के हक के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगीः पी.सी. शर्मा
- कांग्रेस 7 मई को चक्काजाम कर आंदोलन करेगी
ग्वालियर। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के शासनकाल में किसान सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और केवल बड़े उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों के हक और सम्मान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। यह बात रविवार को ग्वालियर जिला कंाग्रेस प्रभारी पी.सी. शर्मा ने कांग्रेस भवन में कही।
बैठक में अन्नदाता किसानों की मांगों, हक और हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक के प्रारंभ में शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कांग्रेस भवन में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि एमएसपी की कानूनी गारंटी न होने के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। इसके साथ ही खाद, बीज, डीजल और अन्य कृषि संसाधनों की बढ़ती लागत ने किसानों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। ग्रामीण जिला कांग्रेस प्रभारी घनश्याम सिंह ने कहा कि एमएसपी की गारंटी, सस्ती बिजली, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और कर्जमाफी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर इस आंदोलन को मजबूत बनाएं और अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करें। बैठक का संचालन संगठन महासचिव इब्राहिम पठान ने किया।
कांग्रेस पार्टी ने आगामी आंदोलन की विस्तृत रणनीति तैयार करते हुए निर्णय लिया कि किसान भाईयों के हक के लिए 7 मई को शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में चक्काजाम कर आंदोलन को और अधिक प्रभावी एवं निर्णायक बनाया जाएगा। बैठक में विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, विधायक सहाब सिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव प्रवीण पाठक, सुनील शर्मा, पूर्व विधायक मदन कुशवाह, राहुल शर्मा, संजय सिंह राठौर, ग्रामीण संगठन महासचिव जितेन्द्र सिंह गुर्जर, राम पांडे, अरूण केन, राजकुमार शर्मा, जेएच जाफरी, वीर सिंह तौमर, उदल सिंह यादव, चतुर्भुज धनोलिया, श्रीमती मीनू परिहार, हरेन्द्र सिंह गुर्जर आदि उपस्थित थे।