sandhyadesh

प्रकृति संरक्षण के लिए वृक्षारोपण के विचार का अंकुरण जरूरी: न्यायाधिपति श्री पाठक

- आनंद पर्वत पर न्यायमूर्तिगणों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने रोपे फलदार पौधे 
ग्वालियर  उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री आनंद पाठक ने कहा कि प्रकृति संरक्षण के लिये केवल वृक्षारोपण ही नहीं, सभी में वृक्षारोपण के विचार का अंकुरण होना भी जरूरी है। खुशी की बात है ग्वालियर में यह विचार अंकुरित हो रहा है। आशा है कि आने वाले समय में ग्वालियर के आसपास की पहाड़ियाँ सिटी फॉरेस्ट से सुसज्जित होंगीं। न्यायाधिपति श्री पाठक शुक्रवार की शाम उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के न्यायमूर्तिगणों के साथ “आनंद पर्वत” पर वृक्षारोपण करने पहुँचे थे। न्यायाधिपति श्री पाठक के नेतृत्व एवं नव नियुक्त प्रशासनिक न्यायाधिपति जी एस अहलूवालिया की मौजूदगी में आनंद पर्वत पर फलदार प्रजातियों के लगभग एक हजार पौधे रोपे गए।
अलापुर तिराहे के समीप “हरि पर्वत” के सामने स्थित “आनंद पर्वत” पर प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री पाठक ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर इस पहाड़ी को सिटी फॉरेस्ट के रूप में हरीतिमा का आवरण पहनाने के काम को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के न्यायमूर्ति श्री जीएस अहलूवालिया ने आम की आम्रपाली प्रजाति का पौध रोपा। साथ ही न्यायमूर्ति श्री मिलिंद रमेश फड़के, न्यायमूर्ति श्री हृदेश, न्यायमूर्ति श्री आशीष श्रोती, न्यायमूर्ति श्री अमित सेठ, न्यायमूर्ति श्री पुष्पेन्द्र यादव, न्यायमूर्ति श्री आनंद सिंह बहरावत व न्यायमूर्ति श्री राजेश कुमार गुप्ता ने भी पौधे रोपे। साथ ही प्रधान जिला न्यायाधीश ललित किशोर, अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक खेड़कर व दीपेन्द्र सिंह कुशवाह, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निगम आयुक्त संघ प्रिय व वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल व सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। 
न्यायमूर्ति श्री जी एस अहलूवालिया ने कहा कि धरती पर जितना अधिकार मानव का है, उतना ही अधिकार अन्य जीवों का है। इसलिये हमें प्रकृति का उतना ही उपयोग करना चाहिए, जितना हमारे हिस्से में है। उन्होंने मानव द्वारा प्रकृति के प्रति की गईं पिछली गलतियों से सबक लेकर प्रकृति संरक्षण में योगदान देने का आह्वान भी इस अवसर पर किया। साथ ही कहा कि न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने सिटी फॉरेस्ट के रूप में ग्वालियर में प्रकृति संरक्षण का जो बीड़ा उठाया है उसे आगे बढ़ाने के हर संभव प्रयास किए जायेंगे।  आनंद पर्वत पर वृक्षारोपण करने से पहले प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री आनंद पाठक व न्यायमूर्ति श्री जी एस अहलूवालिया सहित अन्य न्यायमूर्तिगणों ने मील का पत्थर भी लगाया। यह पत्थर प्रकृति संरक्षण का संदेश देने के लिये लगाया गया है। 

“हरि पर्वत” पर लगभग 8 हजार पौधे पेड़ बने, “आनंद पर्वत” पर लहलहायेंगे 4 हजार पेड़
प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री आनंद पाठक की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा राम आस्था मिशन एवं नगर निगम व अन्य विभागों के सहयोग से “हरि पर्वत” व “आनंद पर्वत” को सिटी फॉरेस्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। हरि पर्वत पर रोपे गए लगभग 8 हजार पौधों ने पेड़ों का रूप ले लिया है। इसी तरह “आनंद पर्वत” पर कुल लगभग 4 हजार पेड़ लगाए जा रहे हैं। इनमें से लगभग 2 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। शेष पौधे लगाने का अंतिम चरण चल रहा है। 


posted by Admin
12

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->