मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में 4 मई को ग्वालियर में होगा विशाल पशुपालक सम्मेलन: कलेक्टर श्रीमती चौहान
ग्वालियर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 मई को ग्वालियर में शिवपुरी लिंक रोड स्थित बेलागांव के समीप “ऋषि गालव विश्वविद्यालय” के भूमिपूजन कार्यक्रम एवं मेला मैदान में आयोजित होने जा रहे विशाल “पशुपालक सम्मेलन” में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पशुपालक सम्मेलन के माध्यम से जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी करेंगे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सोमवार को आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में पशुपालक सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आमजनों के लिये विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएं। बढ़ते हुए तापमान व गर्मी को ध्यान में रखकर कार्यक्रम स्थल पर पेयजल इत्यादि की पुख्ता व्यवस्था की जाएं। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर ओआरएस सहित प्राथमिक चिकित्सा की भी पुख्ता व्यवस्था रहे। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से अधिकृत पोर्टल पर ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरवाए। उन्होंने बैठक में मौजूद एसडीएम एवं जनगणना चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लक्ष्य निर्धारित कर शेष दो दिनों में अधिक से अधिक स्व-गणना फॉर्म भरवाएं। साथ ही लोगों को बताएं कि जब प्रकणक उनके घर पहुँचें तो उनके साथ स्व-गणना की एसई आईडी साझा करें। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने निर्देश दिए कि गर्मी को ध्यान में रखकर प्रगकणों व पर्यवेक्षकों को दवा की किट भी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व एडीएम सी बी प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व एसडीएम शामिल हुए।