ग्वालियर। सेवा भारती मध्यभारत प्रांत द्वारा संचालित प्रकल्प जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा 28 अप्रैल मंगलवार को प्रातः 9 बजे से अवाडपुरा स्थित शासकीय हाईस्कूल में दिव्यांग जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सचिव श्री परांकुश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि, वर्तमान में 5 से 7 प्रकार की दिव्यांगताओं के बारे में ही लोगों को जानकारी है, जबकि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के अनुसार 21 प्रकार की दिव्यांगता होती हैं, सभी प्रकार की दिव्यांगताओं की जानकारी होने पर समाज में दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल और सुगम वातावरण तैयार किया जा सकता है। समय से यदि दिव्यांगजनों को उचित परामर्श एवं प्रशिक्षण आदि दिया जाए तो उनका सही दिशा में पुनर्वास भी संभव है जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में प्रतिदिन मानसिक दिव्यांगजनों की थेरेपी, परामर्श एवं विशेष शिक्षण तथा अस्थिबाधित दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग हेतु चयन एवं प्रदाय किए जाते हैं। वहीं फिजियोथैरेपी आदि की सुविधा उपलब्ध हैं। प्रति बुधवार के दिन केंद्र में ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु दिव्यांग मेडिकल बोर्ड का आयोजन होता है। केंद्र की तमाम सुविधाओं के बारे में भी जन सामान्य को पता हो और आधिकारिक संख्या में दिव्यांगजन इनका लाभ लें इस दृष्टि से मंगलवार की सुबह 9 बजे अवाडपुरा स्थित हाई स्कूल में दिव्यांगजन जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसके उद्घाटन सत्र में रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल किशोर शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।