sandhyadesh

जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही बस का टायर फटा, लगी आग, यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

 
ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही बस का टायर फटने से अचानक आग लग गई। हादसा सुबह 5 बजे झांसी रोड थाना गेट के सामने घटा। घटना झांसी रोड थाने के ठीक सामने की थी। जिससे यात्रियों को तत्काल मदद मिल गई और पुलिस के जवानों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर यात्रियों को खिड़कियों के सहारे बाहर निकाला। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही बस क्रमांक एनएल07बी 0899 31 यात्रियों को लेकर शनिवार की रात करीब 9 बजे रवाना हुई थी।  रविवार सुबह नाका चंद्रवदनी पर 15 यात्री 5 मिनट पहले ही बस से उतर गए। जबकि 16 यात्री बस में सवार थे और बस करीब 200 मीटर आगे बढ़ी, झांसी रोड थाना के सामने अचानक बस का टायर फट गया और उसमें आग लग गई और बस में अफरातफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले उन्हें हल्की बदबू और धुआं महसूस हुआ था। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल गई। उसी समय पुलिस ने आकर उन्हें आग लगने की जानकारी दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग बस से बाहर निकलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस में आग लगने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। यहां पर पहले से पाइपलाइन कार्य के चलते सड़क संकरी थी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस ने पहले यात्रियों को सुरक्षित निकाला, फिर यातायात व्यवस्था को संभालते हुए जाम खुलवाया। बस चालक संजय सिंह, सहायक चालक बृजेश सिकरवार और हेल्पर अजय कुमार ने घटना की सूचना बस मालिक मां लक्ष्मी ट्रेवल्स जयपुर के संचालक प्रवीण अग्रवाल को दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

posted by Admin
19

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->