संपत्ति कर का टारगेट पूरा कर लेंगेः संघप्रिय
- निगम आयुक्त ने बताया कि 105 करोड़ रूपये वसूले
ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम इस चालू वित्तीय वर्ष में अपने निर्धारित संपत्ति कर के लक्ष्य को पूरा कर लेगी। इसके लिये नगर निगम की टीमें संपत्ति कर वसूली में लगी है और अभी तक हमने लगभग 105 करोड़ रूपये संपत्तिकर जुटा लिया है। यह जानकारी शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने एक संक्षिप्त मुलाकात में दी।
निगमायुक्त संघ प्रिय ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में संपत्तिकर की शत प्रतिशत वसूली हो इसके लिये हमारा प्रयास है। हमने अभी छुटटी के दिनों में भी वार्ड और जोनल आफिस खोलकर संपत्तिकर वसूल रहे हैं। निगमायुक्त संघप्रिय ने बताया कि वैसे वित्तीय वर्ष 2025-26 में संपत्तिकर वसूली का टारगेट 120 करोड़ रूपये रखा हैं। अभी तक हम 105 करोड़ का संपत्ति कर राजस्व अर्जित कर चुके हैं। मुझे उम्मीद है कि अगले तीन दिनों में हम और हमारी टीम और ज्यादा मेहनत कर यह टारगेट अर्जित कर लेगी। निगम आयुक्त ने बताया कि अभी नगर निगम ने संपत्ति स्वामियों को विशेष छूट भी दी है जिसके तहत 31 मार्च तक बकाया संपत्ति कर जमा करने पर पूरा सरचार्ज माफ कर दिया जायेगा। इसी वजह से काफी संपत्ति स्वामियों में उत्साह हैं। उन्होंने बताया कि यदि 31 मार्च जाता है तो एक अप्रैल से हम डबल सरचार्ज वसूलेंगे।
अगले वर्ष से संपत्ति कर अभियान अप्रैल से ही शुरू करेंगे
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में हम अप्रैल 2026 से ही संपत्ति कर वसूली अभियान शुरू करायेंगे, ताकि संपत्ति कर को लेकर वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में हड़बड़ाहट न हो।
शहर की सड़कों की हालत सुधरी
निगम आयुक्त संघप्रिय ने कहा कि हमने शहर की सड़कों के डामरीकरण व उसके निर्माण की तेजी से शुरूआत कर दी है। अब हमारा लक्ष्य शहर की सड़कों को बेहतर व धूलरहित करना है। इसके लिये हम फुटपाथ भी बेहतर कर रहे हैं।
पार्क भी बेहतर किये
निगमायुक्त संघप्रिय ने कहा कि हम शहरों के पार्कों का भी सौंदर्यीकरण कर रहे हैं और पार्कों का भी सौंदर्यीकरण कर रहे हैं और पार्कों को स्वच्छ कर हरा भरा किया जा रहा हैं, ताकि घूमने आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण व सुकून का अहसास हों।