ग्वालियर। माता मंदिर पर भजन कीर्तन के दौरान हुये विवाद के बाद शुक्रवार की देर शाम बदमाशों ने भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के पीएसओ समेत तीन लोगों पर फायरिंग कर दी। माता मंदिर पर गाना बजाने को लेकर पड़ोसी भड़क उठे और मुंहबाद करने लगे। मुंहबाद के बाद पड़ोसियोंने गोली चला दी। मामला मुरार थाना क्षेत्र के अल्पना टॉकीज के पास का है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिता पुत्र सहित एक महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक संतोष कुमार पांडे भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के निजी पीएसओ और पीए हैं। शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर संतोष पांडे के घर के सामने स्थित माता मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन चल रहा था और साउंड सिस्टम पर माता के भजन बज रहे थे। पास ही फायर ब्रिगेड का सब स्टेशन था, जहां कर्मचारी सुनील कुमार मौजूद था। इसी दौरान पड़ोसी भूरा और उसका पिता पप्पी वहां पहुंचे। साउंड सिस्टम बंद कराने को लेकर सुनील से गाली-गलौज कर मारपीट की। सुनील अपने ऑफिस पहुंचकर साथी पवन को जानकारी देने लगा, तभी हमलावर वहां भी पहुंचकर धमकी देने लगे। इसके बाद पिता पुत्र दोबारा मंदिर पहुंचे और वहां बैठी महिलाओं से अभद्रता करने लगे। इसी दौरान संतोष पांडे घर पहुंचे और उन्होंने विरोध किया। इस पर भूरा, उसका पिता और बहन रीना उनसे भिड़ गए।
विवाद बढ़ने पर भूरा कट्टा लेकर आया, जबकि उसकी बहन रीना ने घर की बालकनी से बंदूक से गोली चलाई। दोनों ने कुल चार राउंड फायर किए। इस दौरान संतोष पांडे के हाथ में छर्रें लगे, आकाश पांडे के चेहरे और आंख के पास चोट आई, जबकि राजकुमार पांडे के हाथ में गोली लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़कर उनका कट्टा छीन लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने भूरा, उसके पिता पप्पी रजक और एक महिला को हिरासत में लिया है। इस मामले में एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। घायल और आरोपी एक ही मौहल्ले में पास-पास रहते हैं, जिससे तनाव की स्थिति बनी हुई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur