पहली बार अचलनाथ के भक्त दिया हुआ दान टीवी स्क्रीन पर देखेंगे
- श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर दानपेटी खुलेगी गुरुवार को
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर भक्तों द्वारा चढ़ाए गए दान की पेटियां 26 नवम्बर गुरुवार को प्रातः 10 बजे से खुलेंगी। इस बार दान पेटियां लगभग दो माह बाद खुलने जा रही हैं। यह निर्णय कार्यकारिणी बैठक में लिया गया।
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के अध्यक्ष राजेश ऐरन ने बताया कि मंदिर न्यास के चुनाव होने एवं लगातार शरद पूर्णिमा एवं महाअन्नकूट आयोजन होने के कारण पेटी नहीं खुल सकी थी। अब यह होने जा रहा है। दान पेटी में आई दान राशि को सेवानिवृत्त पूर्व बैंक अधिकारी गिनेंगे और साथ में कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल रहेंगे। हो सकता है गिनती एक दिन में न हो पाए, तो दूसरे दिन भी पुनः 10 बजे से पेटी खोली जाएगी। दान में आया पूरा पेमेंट बैंक में जमा करा दिया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान को वह देख सकें, इसके लिए कार्यालय के बाहर टीवी स्क्रीन लगाई गई है।
इसी संदर्भ में बुधवार को श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के कार्यालय में सभी कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव राजकुमार माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल, मार्गदर्शक व्यवस्था प्रमुख रामकुमार गोयल, व्यवस्थापक सचिव प्रदीप कुमार बंसल, सूचना सचिव निशांत सिंघल एवं कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, तरुण बग्गा, गौरव नागवाणी, आकाश सिंह, गोपाल दास बघेले, अतुल गुप्ता शामिल थे।