अध्यक्ष निधि से आदर्श गौशाला को मिला 11.35 लाख रुपये का ट्रैक्टर लोडर
ग्वालियर । निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने अपनी अध्यक्ष निधि से आदर्श गौशाला में गोबर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 11 लाख 35 हजार रुपये की लागत से एक ट्रैक्टर लोडर उपलब्ध कराया है। ट्रैक्टर लोडर विधिवत पूजन-अर्चन के बाद गौशाला प्रबंधन को सुपुर्द किया गया।
ट्रैक्टर लोडर का पूजन गौशाला के महंत ऋषभदेव आनंद महाराज, मध्य प्रदेश अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र यादव एवं नगर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर द्वारा विधि-विधान से किया गया। इसके पश्चात इसे गौशाला के सुपुर्द किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नवल शुक्ला, पूर्व साडा अध्यक्ष जय सिंह कुशवाहा, बजरंग दल के पूर्व प्रदेश संयोजक एवं विश्व हिंदू परिषद के पप्पू वर्मा, लेखा समिति अध्यक्ष एवं पार्षद अनिल सांखला, संजू परमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आदर्श गौशाला के विभिन्न ब्लॉकों में गोबर की सफाई के लिए ट्रैक्टर लोडर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। गौशाला की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने अपनी अध्यक्ष निधि से 11 लाख 35 हजार रुपये की राशि स्वीकृत कर ट्रैक्टर लोडर क्रय कराया, जिससे गौशाला में सफाई कार्य अधिक सुगमता और तेजी से हो सकेगा। इस ट्रैक्टर का उपयोग गौशाला परिसर में गायों के गोबर को समेटने और साफ-सफाई के कार्यों को सुचारू बनाने में किया जाएगा। बता दें कि इस गौशाला में 10 हजार से अधिक गायें हैं, जिसके कारण यहाँ आधुनिक संसाधनों की विशेष आवश्यकता रहती है ताकि सभी कार्य शीघ्रता और सुगमता से पूरे किए जा सकें।