ग्वालियर। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए भितरवार और मोहना क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 57.60 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई, जबकि 2300 किलोग्राम गुड़ लाहन मौके पर नष्ट किया गया। कार्रवाई में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका चौहान के आदेशानुसार आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से प्राप्त सूचना और नियमित गश्त के आधार पर आबकारी टीम ने ग्वालियर शहर, भितरवार और मोहना क्षेत्र में दबिश दी। भितरवार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 04, नर्सरी के पास आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी रेशमा कंजर पत्नी राजकुमार कंजर के आधिपत्य से प्लास्टिक की तीन बोरियों में रखी 57.60 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा बरामद की। आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 49A के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
वहीं मोहना क्षेत्र में आबकारी टीम ने अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे 2300 किलोग्राम गुड़ लाहन को बरामद किया। टीम ने नियमानुसार लाहन का सैंपल लिया और शेष गुड़ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(f) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आबकारी विभाग के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में जब्त अवैध मदिरा की कुल मात्रा 57.60 लीटर रही, जबकि 2300 किलोग्राम गुड़ लाहन की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमीन खान, मोनिका पाठक एवं दिनेश भार्गव, उप निरीक्षक हरेंद्र मावई, सतेंद्र मीणा, शिवा रघुवंशी एवं सुरेश पाराशर, मुख्य आरक्षक अशोक शर्मा एवं रवि बघेल तथा आरक्षक राजेंद्र जोनवार, राघवेंद्र भदौरिया, राहुल त्यागी, देवेश शर्मा, अमन राजावत एवं प्रियंका जाटव सहित अन्य आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।