निगमायुक्त संघ प्रिय स्वयं पहुंचे सड़कों पर, जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण
ग्वालियर। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बुधवार को शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संघ प्रिय ने दीनदयाल नगर, गोले का मंदिर, सिटी सेंटर सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों पर चल रहे राहत एवं जल निकासी कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी चिन्हित जलभराव बिंदुओं पर संबंधित वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति बनने पर बिना विलंब तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। निगमायुक्त ने कहा कि वर्षा के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों एवं मैदानी अमले को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निराकरण किया जाए।