कांग्रेस ने हमेशा जनता की आवाज को बुलंद किया हैः सुरेन्द्र यादव
ग्वालियर। कांग्रेस पार्टी केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाला सबसे बड़ा जनआंदोलन है। ग्वालियर में कांग्रेस ने हमेशा जनता की आवाज को बुलंद किया है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों तथा आम नागरिकों के हर मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। यह बात शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कही है।
नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय कार्यालय में कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त एवं जन आंदोलन आधारित बनाने के उद्देश्य से आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने जिले में कांग्रेस पार्टी द्वारा जनता के हितों के लिए किए गए धरना-प्रदर्शन, आंदोलन, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों, संगठन के विस्तार, बूथ एवं वार्ड स्तर पर किए गए कार्यों तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को सौंपते हुए जिले का भविष्य का संगठनात्मक विजन भी प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संविधान की मजबूती और आमजन के अधिकारों की सुरक्षा है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी संकल्प के साथ जनता के बीच निरंतर संघर्ष करता रहेगा।