निगमायुक्त ने 6 अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र थमाये
ग्वालियर। सीएम हेल्प लाइन पर आई समस्याओं का निराकरण समय सीमा में नहीं करने पर प्रभारी कार्यपालन यंत्री, तीन उपयंत्री जल प्रदाय सीवर, कार्यरत नोडल अधिकारी जनकल्याण को नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही दिए गए कार्यों में लापरवाही बरतने पर सहायक वर्ग-3 जलप्रदाय सीवर संजय खेमरिया को नोटिस जारी किया गया।
निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेशानुसार प्रभारी कार्यपालन यंत्री राजीव सिंघल द्वारा 5 सीएम हेल्पलाइन शिकायत अटेंड नहीं करने पर, उपयंत्री सीवर एवं जलप्रदाय संदीप श्रीवास्तव द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त 12 शिकायतों को तय सीमा में निराकरण नहीं करने पर, उपयंत्री जलप्रदाय सीवर आदित्य पाण्डेय द्वारा सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त 64 शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर, प्र. उपयंत्री जलप्रदायध्सीवर शिवेन्द्र सिंह जादौन द्वारा सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त 13 शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर एवं कार्यरत नोडल अधिकारी जनकल्याण प्रशांत बरैया द्वारा सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त शिकायत विगत 100 दिवस से लंबित रहने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। इसके साथ ही सहायक वर्ग-3 जलप्रदाय सीवर संजय खेमरिया ने सौंपे गए कार्यों में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।