ढाई साल विकास अवरुद्ध रहा, उपचुनाव दतिया के विकास का हैः हेमंत खण्डेलवाल

दतिया। प्रचार-प्रसार के दौरान दतिया की जनता का अभूतपूर्व स्नेह व सहयोग मिला। ऐसा ही सहयोग अब 30 जुलाई को मतदान के दिन भी मिलेगा। दतिया में हजारों करोड़ की लागत से बनने वाले डिफेंस पार्क से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। कांग्रेस भ्रम फैलाती है, झूठे आरोप और नकारात्मक राजनीति करती है। कांग्रेस अपनी हार की पटकथा लिखना शुरू कर चुकी है। वह चुनाव में हारने के बाद ईवीएम पर दोष मढ़ेंगे। दतिया में ढाई साल विकास अवरुद्ध रहा, अब भाजपा दतिया को फिर विकास की राह पर आगे बढ़ाएगी। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी समर्पित कार्यकर्ता हैं। अब सेवक बनकर जनता की सेवा करेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को मीडिया सेंटर में दतिया उपचुनाव को लेकर पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पत्रकारों से कहा कि दतिया का अगर कोई विकास कर सकता है, भला कर सकता है तो वह है भारतीय जनता पार्टी और उसके प्रत्याशी आशुतोष तिवारी हैं। उन्होंने कहा कि दतिया विधानसभा का उपचुनाव केवल भाजपा की जीत का चुनाव नहीं है, बल्कि यह दतिया के विकास का चुनाव है। मां पीताम्बरा की पावन भूमि दतिया वीरों की कर्मभूमि है, बुंदेलखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान है। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने दतिया को नई पहचान दी है। आने वाले समय में दतिया में हजारों करोड़ की लागत से डिफेंस पार्क की स्थापना भी प्रस्तावित है, जिससे यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। दतिया में कभी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, वही दतिया आज विकास की नई गाथा लिख रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस ने दतिया विधानसभा के विकास को पिछले ढाई साल में बहुत पीछे कर दिया है। कांग्रेस ने दतिया की जनता के अधिकारों को छीना है तो वहीं उन्हें विकास से भी वंचित रखा है। कांग्रेस जहां भी रही वहां पर सिर्फ विनाश करने का काम किया है। दतिया में भी चुनाव प्रचार में कांग्रेस के नेताओं ने दुष्प्रचार किया, दतिया के लोगों से झूठ बोला, उनके बीच में जाकर भ्रम फैलाया है। कांग्रेस का पूरा चुनाव अभियान केवल भ्रम, झूठे आरोप और नकारात्मक राजनीति पर आधारित रहा है।  
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया के विकास में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने कोई कमी नहीं छोड़ी है और अब आने वाले दिनों में दतिया को डिफेंस पार्क की भी सौगात मिलने वाली है। चुनाव आचार संहिता के बाद इस पर अमल शुरू होगा। डिफेंस पार्क बनने से हजारों लोगों को रोजगार मिलने के साथ औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी स्पष्ट किया है कि ग्वालियर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के विस्तार का लाभ दतिया को भी मिलेगा। भूमि संबंधी शिकायतों और राजस्व अनियमितताओं पर भी राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। भाजपा की सरकार में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून का राज और सुशासन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि अब दतिया की जनता ने मन बना लिया है कि वह विकास, सुशासन और जनकल्याण के पक्ष में मतदान करेगी। जनता का भाजपा के प्रति उत्साह और स्नेह बता रहा है कि भाजपा यह चुनाव ऐतिहासिक मतों से जीतेगी। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से झूठ और भ्रम की राजनीति करती रही है। दतिया का यदि कोई भला कर सकता है तो वह भाजपा और आशुतोष तिवारी है। कांग्रेस केवल विरासत और वंशवाद की राजनीति करती है। कांग्रेस के राजाओं ने कभी प्रदेश और दतिया का भला नहीं किया। दतिया के उपचुनाव में भी कांग्रेस ने एक राजा और एक पटवारी को मैदान में उतारा है, लेकिन राजा के पास कोई राज नहीं है और पटवारी बिना हल्के के हैं। पत्रकारवार्ता में भाजपा क प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी  आशीष उषा अग्रवाल एवं सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी भी उपस्थित थे। 

posted by Admin
32

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->