महिला सफाई कर्मियों की ड्यूटी सुबह 10 बजे के बाद ही लगे: डॉ. जाटव
ग्वालियर । राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने नगर निगम अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में सफाई कर्मचारियों के हित में कई निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम में कार्यरत सभी महिला सफाई कर्मचारी सुबह की पाली की जगह 10 बजे के बाद ही सफाई का कार्य करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी वार्डों में तैनात कर्मचारियों का समय-समय पर पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
बाल भवन के एक्यूआई सेल में आयोजित बैठक में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मियों की जानकारी मांगी। जिस पर बताया गया कि नियमित सफाई कर्मचारी 690, विनियमित 1101 एवं आउटसोर्स 1379 सफाई कर्मचारी कार्य कर रहें। उन्होंने जानकारी मांगी कि निगम में कितनी महिला सफाई कर्मी है तथा एक वार्ड में कितने सफाई कर्मी कार्य करते हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा अनुसूचित जाती वाले वार्डों की भी जानकारी मांगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूछा कि सफाई कर्मी पूरी किट में कार्य करते हैं कि नहीं तथा उनको कब-कब सुरक्षा उपकरण प्रदान किए जाते हैं। बैठक में सफाई कर्मियों को दिए जाने वाले वेतन भुगतान की जानकारी मांगी जिस पर सही जानकारी नहीं देने पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित को निर्देशित किया कि जितने भी कर्मचारी ठेके पर कार्य कर रहे है। उनका वेतन समय पर देने के साथ ही खाते में ही दिया जाए किसी को नगद भुगतान न किया जाए तथा उनका पीएफ एवं ईएसआई कार्ड भी बना हो।
बैठक में यह भी निर्देशित किया कि निगम को जितना भी राजस्व मिलता है उसका 18 प्रतिशत अनुसूचित जाति वार्डों के विकास के लिए खर्च करना होता है। इसके साथ ही उन्होंने वार्डों में पेयजल को लेकर निर्देशित किया अनुसूचित जाती वार्डों में जितने भी हैंडपंप हैं, उसके पानी की जांच समय समय पर करें तथा दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने यह भी जानकारी मांगी की स्मार्ट सिटी द्वारा अनुसूचित वार्डों के विकास में कितना खर्च किया है। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया अनुसूचित जाती के वार्डों में सभी शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन सही हो। सभी बस्तियों में साफ सफाई कार्य प्रतिदिन किया जाए] कचरे को नियमित उठाया जाए। बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे, श्रीकांत कांटे, शिशिर श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री जल प्रदाय, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी जनकल्याण, नोडल अधिकारी एनयूएलएम, नोडल अधिकारी पीएमएवाय, सभी क्षेत्राधिकारी, सभी स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।