ग्वालियर। बालाजी धाम मंदिर गोलपाड़ा में बुधवार 29 जुलाई को भक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। धाम में श्री हनुमान जी महाराज को 'मानसिक गुरु' मानते हुए भक्तों को गुरु दीक्षा दिलाई जाएगी। इस धार्मिक आयोजन की खास बात यह होगी कि इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ ऑक्सीजन उत्सर्जित करने वाले पौधे भी उपहार स्वरूप भेंट किए जाएंगे। बालाजी धाम गोलपाड़ा के चरण सेवक जगबीर दास ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। सबसे पहले सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसके तुरंत बाद "जय जय जय हनुमान गोसाई, कृपा करो गुरुदेव की नाहीं" चौपाई का असंख्य जप कर प्रभु का आह्वान किया जाएगा।
दीक्षा के साथ पौधा वितरण और सुरुचि प्रसादी
कार्यक्रम की श्रृंखला में सुबह 10:30 से 11:00 बजे के बीच मुख्य दीक्षा समारोह आयोजित होगा। इस दौरान हनुमान जी महाराज के स्वरूप एवं चरण सेवक जगबीर दास द्वारा श्रद्धालुओं को गुरु दीक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण को शुद्ध रखने के उद्देश्य से भक्तों को ऑक्सीजन देने वाले पौधे भी बांटे जाएंगे। दीक्षा समारोह संपन्न होने के बाद सुबह 11:30 बजे हनुमान जी महाराज को उनके प्रिय भोग मालपुआ और खीर का अर्पण किया जाएगा। इसके पश्चात सुरुचि प्रसादी भंडारे का शुभारंभ होगा, जो शाम 4:00 बजे तक अनवरत चलेगा। मंदिर प्रबंधन ने अंचल के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
बालाजी धाम गोलपाड़ा में कब क्या होगा:-
सुबह 9:00 बजे: सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं विशेष चौपाई का जाप।
सुबह 10:30 से 11:00 बजे: गुरु दीक्षा कार्यक्रम एवं पौधों का वितरण।
सुबह 11:30 बजे: मालपुआ-खीर का भोग एवं सुरुचि प्रसादी भंडारा (शाम 4 बजे तक)।