मध्यप्रदेश में 8 IAS अफसरों के तबादले: मिशा सिंह की जगह शहडोल जाएंगे पार्थ जायसवाल

मध्य प्रदेश सरकार ने 8 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव 2016 बैच की IAS अधिकारी मिशा सिंह की पोस्टिंग को लेकर किया गया है। दो दिन पहले जारी तबादला सूची में उन्हें शहडोल कलेक्टर बनाया गया था लेकिन अब संशोधित आदेश में उनकी पोस्टिंग अपर आयुक्त, नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल कर दी गई है। साथ ही शहडोल, छतरपुर और बालाघाट में नए कलेक्टर पदस्थ किए गए हैं। वहीं खाद्य, तकनीकी शिक्षा और सामान्य प्रशासन विभाग में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
दरअसल, रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह पारिवारिक कारणों से व्यस्त हैं। शहडोल तबादले के बाद उन्होंने राज्य सरकार से भोपाल या इंदौर में पदस्थापना का अनुरोध किया था। इसी कारण दो दिन पहले जारी 20 IAS अधिकारियों की तबादला सूची के बाद रतलाम के नए कलेक्टर बनाए गए सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के उप सचिव अजय कटेसरिया की जॉइनिंग भी रोक दी गई थी। अब मिशा सिंह की पोस्टिंग भोपाल होने के बाद कटेसरिया रतलाम कलेक्टर का कार्यभार संभाल सकेंगे। संशोधित आदेश के तहत पार्थ जायसवाल को छतरपुर कलेक्टर से शहडोल कलेक्टर बनाया गया है। मृणाल मीणा को बालाघाट कलेक्टर से छतरपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कुमार सत्यम, जो अभी ग्वालियर में अपर कलेक्टर हैं, उन्हें बालाघाट का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आदित्य गर्ग को मंदसौर कलेक्टर पद से हटाकर परियोजना संचालक, मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड बनाया गया है।
तबादला आदेश के अनुसार दिनेश जैन को अपर सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से ओएसडी, संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा अपर सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग बनाया है। गिरीश शर्मा को परियोजना संचालक, मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट से अपर सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग पदस्थ किया है। वहीं अंकित अस्थाना को उप सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग से उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया है। उन्हें संचालक, कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। राज्य सरकार ने स्वरोचिष सोमवंशी को आगामी आदेश तक आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी के साथ सचिव, राज्य योजना आयोग तथा संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है। इससे पहले इस संस्थान के संचालक का अतिरिक्त प्रभार मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग के पास था।


posted by Admin
457

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->