लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने पर निगमायुक्त सख्त, कम वसूली करने वाले उपयंत्रियों के वेतन आहरण पर रोक
ग्वालियर। जलकर वसूली में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी। जिसमें तिमाही के लक्ष्य की 75 प्रतिशत से कम वसूली करने वाले सभी उपयंत्रियों के वेतन आहरण पर रोक लगाई जाती है तथा जिस सहायक यंत्री के तीन वार्ड या उससे अधिक वार्ड में 75 प्रतिशत से कम वसूली हुई है तो ऐसे सहायक यंत्री को भी नोटिस जारी करने के निर्देश निगमायुक्त संघ प्रिय ने जलकर वसूली एवं जल प्रदाय व सीवेज की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि 15 जुलाई तक 8 करोड 21 लाख रूपये वसूली हुई है जो कि बहुत कम है। सभी उपयंत्री एवं अन्य संबंधित अधिकारी गंभीरता से जलकर वसूली करायें और पिछले साल के बकाया वसूली पर भी ध्यान दें तथा अधिक से अधिक वसूली करायें। बिल वितरण की जानकारी लेते हुए संबंधित उपयंत्रियों द्वारा बताया गया कि बिल प्रिंट होकर काफी देर से मिलते हैं। बिल लगाने का या बिल वितरण का समय नहीं मिलता। जिस कारण भी वसूली कम हो रही है। इसको लेकर निगमायुक्त संघ प्रिय ने संबंधित कार्यपालन यंत्रियों को निर्देशित किया कि समय पर बिल प्रिंट हो इसके लिए आवष्यक प्रिंटर एवं कागज की व्यवस्था विभागीय स्तर पर ही करें। इसके साथ ही जहां भी बिल वितरण के लिए कर्मचारी कम है। उनकी जानकारी प्रदान करें। जिससे वहां आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की व्यवस्था की जा सके। निगमायुक्त ने अवैध कनेक्शन काटने की कार्यवाही एवं नवीन नल कनेक्शन की समीक्षा करते हुए उक्त संबंध में कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए।