ग्वालियर। नगर पालिक निगम, ग्वालियर में कार्यरत लगभग 2600 विनियमित कर्मचारियों ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम इंदौर की तर्ज पर नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समान वेतनमान एवं अन्य सेवा लाभ प्रदान किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि नगर निगम ग्वालियर में कुशल, अर्द्धकुशल एवं अकुशल श्रेणी के करीब 2600 विनियमित कर्मचारी वर्षों से विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में उनकी मांगों के समर्थन में मेयर-इन-काउंसिल एवं नगर निगम परिषद द्वारा संकल्प एवं ठहराव पारित किए जा चुके हैं, लेकिन आज तक उन पर अमल करते हुए कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
कर्मचारियों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं औद्योगिक न्यायाधिकरण, मध्यप्रदेश इंदौर के आदेशों के अनुपालन में नगर पालिक निगम इंदौर ने अपने यहां कार्यरत 535 विनियमित कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतनमान एवं अन्य सेवा लाभ प्रदान करने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में नगर निगम इंदौर के आदेश क्रमांक 226/स्था./2026 दिनांक 1 जुलाई 2026 की प्रति भी आयुक्त को प्रस्तुत की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में मिलने वाला वेतन अत्यंत कम होने के कारण कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण करने में गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने मांग की है कि नगर निगम इंदौर की तर्ज पर नगर निगम ग्वालियर में भी एक समिति गठित कर विषय का परीक्षण कराया जाए तथा विनियमित कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतनमान एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।