आरजेआईटी में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के मेगा पूल कैंपस ड्राइव का दूसरा चरण शुरू, देशभर के 150 से अधिक इंजीनियरिंग संस्थानों के बी.टेक. विद्यार्थी पहुंचे



ग्वालियर। रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरजेआईटी), बीएसएफ अकादमी ग्वालियर में शनिवार को विश्व की अग्रणी सेमीकंडक्टर एवं मेमोरी कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी के मेगा पूल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का दूसरा चरण प्रारंभ हुआ। इस चरण में बी.टेक. मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स शाखाओं के विद्यार्थियों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए गए, जिनमें देशभर के 150 से अधिक इंजीनियरिंग संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतिष्ठित संस्थानों में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, वीआईटी भोपाल, बीआईटी मेसरा, एलएनसीटी भोपाल, बनस्थली विद्यापीठ, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज उज्जैन, रीवा तथा एमआईटीएस ग्वालियर सहित अनेक प्रमुख तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए।

चयन प्रक्रिया से पूर्व सीमा सुरक्षा बल अकादमी के कौटिल्य सभागार में अभ्यर्थियों के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान माइक्रोन टेक्नोलॉजी की ओर से विक्नेश्वरन ए/एल (Director – Global Quality) एवं जीवा मुथुकरुप्पन (Manager – Equipment Engineering) ने कंपनी का परिचय देते हुए सेमीकंडक्टर उद्योग में उपलब्ध करियर अवसरों, कार्य संस्कृति एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके उपरांत विभिन्न चरणों में इंटरव्यू एवं मूल्यांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई।

आरजेआईटी के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की कंपनियों से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी आरजेआईटी में इसी प्रकार के विश्वस्तरीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों को उत्कृष्ट रोजगार अवसर प्राप्त होंगे।

ओएसडी-आरजेआईटी एवं कमांडेंट सीएसएमटी  मनीष चंद्रा ने कहा कि माइक्रोन जैसी वैश्विक कंपनी का आरजेआईटी में आगमन संस्थान की बढ़ती औद्योगिक साख का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के प्लेसमेंट अभियान न केवल विद्यार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करते हैं, बल्कि ग्वालियर को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में भी स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी प्रो. सुहेल अहमद खान एवं प्रो. जानकी शरण पहाड़िया ने बताया कि तीन दिवसीय इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में देशभर के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरजेआईटी का ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल उद्योगों के साथ सशक्त समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। माइक्रोन टेक्नोलॉजी का यह आयोजन उसी दिशा में संस्थान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से आरजेआईटी ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि संस्थान देश की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए प्रतिभाशाली इंजीनियरिंग विद्यार्थियों का विश्वसनीय केंद्र बनकर उभर रहा है।

posted by Admin
47

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->