दतिया उपचुनाव में भाजपा जीत का परचम लहराएगीः सिंधिया
- ग्वालियर विमानतल पर केन्द्रीय मंत्री का हुआ स्वागत
ग्वालियर। दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत का परचम लहराएगी। शिवपुरी में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास ग्वालियर-चंबल अंचल और मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक सौगात है। इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश की नई पहचान बनेगी। यह बात केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को ग्वालियर विमानतल पर पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में कहीं।
शनिवार दोपहर को ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का विमानतल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों ने जब पंजाब कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बगावती तेवर और मध्य प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि वह दूसरे दल की स्थिति पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जैसी करनी, वैसी भरनी होती है। सिंधिया ने कहा कि वह उन नेताओं में से नहीं हैं, जो इधर-उधर देखते हैं। उन्होंने अपनी तुलना रेस के घोड़े से करते हुए कहा, रेस से पहले घोड़े की आंखों पर ब्लिंकर लगाया जाता है ताकि वह दाएं-बाएं न देखकर सिर्फ अपनी मंजिल पर ध्यान दे। मेरी आंखों पर भी विकास और प्रगति का ब्लिंकर लगा है। यही मेरा लक्ष्य है और यही मेरी फिनिश लाइन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उनका पूरा ध्यान देश के विकास और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने पर है। दूसरी पार्टियों की गतिविधियां उनके अपने दल संभालें, जबकि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता देश निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रहा है।