ग्वालियर। शहर को हराभरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के पार्क विभाग द्वारा डिवाइडरों और पार्कों में लगातार पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।
पार्क अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शहर के डिवाइडरों एवं पार्कों को हरा-भरा बनाने के लिए पार्क विभाग द्वारा निरंतर पौधरोपण किया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार को सिरोल थाने के सामने स्थित डिवाइडर, संस्कृति पार्क एवं गायत्री विहार पार्क में लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया।इसके अलावा यूनिपेंच फैक्ट्री से शताब्दी पुरम स्थित सिंधिया स्टैच्यू तक के डिवाइडर पर 1,300 पौधे, लोको हजीरा डिवाइडर पर 165 पौधे, 1000 बिस्तर अस्पताल के सामने स्थित डिवाइडर तथा खेल परिसर के समीप लगभग 200 पौधे लगाए गए। पार्क अधीक्षक ने बताया कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई है। सभी पौधों की नियमित देखभाल तथा प्रतिदिन सिंचाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर शहर की हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।