चार शहर का नाका के पास नाले से हटाया 200 मीटर का अवैध अतिक्रमण
ग्वालियर। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम द्वारा वर्षा पूर्व नालों की सफाई का अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए निगम का स्वास्थ्य अमला न सिर्फ नालों की सफाई कर रहा है, बल्कि नालों के प्रवाह में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों को भी लगातार हटा रहा है। सहायक यंत्री कार्तिक पटेल ने बताया कि जोन 3 के वार्ड 8 चार शहर का नाका से लेकर मरघट चौराहा तक फैले मुख्य नाले पर लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर लिया था। इसके कारण नाले की नियमित सफाई और पानी की निकासी में भारी दिक्कत आ रही थी। निगम के स्वास्थ्य अमले ने नाले पर अवैध रूप से बने लगभग 200 मीटर लंबे रैंप, चबूतरे और अन्य पक्के अतिक्रमणों को हटा दिया।