ग्वालियर। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने संपत्ति कर विभाग की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों एवं कर संग्राहकों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले पांच टीसी और दो आरआई को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर संपत्तिकर वसूली सुनिश्चित की जाए, ताकि वित्तीय वर्ष के अंत में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने तिमाही लक्ष्य के अनुरूप बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रशंसा पत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष के बकाया संपत्ति कर की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कर की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पुराने बकाया संपत्ति कर की वसूली में अच्छी प्रगति करने वाले संपत्तिकर टीसी की सराहना की गई, जबकि अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले टीसी के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।