छात्र-छात्राओं को साइबर फ्राड से बचाने के लिये पुलिस ने किया जागरूक
ग्वालियर। विद्यार्थियों को साइबर फ्राड से बचाने के लिये पुलिस की साइबर क्राइम विंग द्वारा स्कूलों, कॉलेज, कोचिंग संस्थान तथा सार्वजनिक स्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शनिवार को करियर पावर अड्डा 247 फूलबाग कोचिंग में सायबर सुरक्षा के बारे में छात्र-छात्राओं और कोचिंग के स्टाफ को जागरूक किया गया। सेमिनार में करीब 100 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सेमिनार में साइबर क्राइम विंग के थाना प्रभारी अपराध अमित शर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया अकाउंट प्राइवेट न रखने, टू स्टेप वेरीफिकेशन न करने तथा बिना जाँचे किसी की भी मित्रता स्वीकार करने से होने वाली हानि एवं खतरों के बारे में बताया, साथ ही डिजिटल अरेस्ट जैसे स्केम, पार्ट टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी, ऑनलाइन गेम की आदत लग जाने से होने वाली परेशानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। सेमिनार में उन्होंने कहा कि ट्रस्टेड वेवसाइड एवं ई-कॉमर्स कंपनियों से ही ऑनलाइन खरीददारी करें। सेमिनार में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा ने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में होने वाले साइबर फ्रॉड के विभिन्न अपराधों तथा महिला संबंधी अपराधों से अवगत कराया। साथ ही साइबर अपराधों से बचने के उपायों से भी अवगत कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी।
आमजन यह रखें ध्यानः-
1. कभी भी कस्टूमर केयर नम्बर सर्च इंजन से प्राप्त पर कॉल न करें।
2. किसी भी लिंक, एपीके फाइल पर बिना जाँचे क्लिक न करें।
3. कभी भी अपना ओटीपी अथवा गोपनीय पासवर्ड किसी को भी शेयर न करें।
4. सायबर ठगी का शिकार होने पर 1930 पर कॉल करें और अपने नजदीकी थाना पर संपर्क करें।
5. सायबर अवेयरनेस के बारे में अपने साथी, परिजनों से अवश्य चर्चा करें।
6. व्हाट्सएप पर ऑटो डाउनलोड का ऑप्सन बंद करके रखे।
7. ट्रस्टेड वेबसाइड एवं ई-कॉमर्स कंपनियों से ही ऑनलाइन खरीददारी करें।