ग्वालियर। निगम परिषद अध्यक्ष मनोज तोमर ने अपनी अध्यक्ष निधि से महाराज बाड़ा स्थित हेमू कालानी चौक पर निर्मित की जा रही रोटरी के निर्माण कार्य प्रारंभ कराने हेतु निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष तोमर ने कहा कि महाराज बाड़ा शहर का प्रमुख एवं ऐतिहासिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन रहता है। हेमू कालानी चौक पर विकसित की जा रही रोटरी क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि करेगी। उन्होंने कहा कि अमर शहीद हेमू कालानी के नाम से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल का विकास शहर के गौरव और शहीदों के सम्मान का प्रतीक है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने तथा चौक को आकर्षक स्वरूप देने के संबंध में अपने सुझाव दिए।
अध्यक्ष श्री तोमर ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नागरिकों की सुविधाओं और शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुन्ना सिंह कुशवाह, अमर शहीद हेमू कालानी सेवा समिति के महेश खत्री, अनिल आहूजा, नरेश पुरस्वनि, मनोज ढींगरा, श्रीचंद पंजाबी, मुकेश वासवानी एवं अविनाश हिरानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।