इंदौर. जिले में लोकायुक्त पुलिस ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के नवीनीकरण के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सेवा सहकारी संस्था के दो कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर इंदौर इकाई ने यह कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता जाकिर हुसैन पटेल, निवासी ग्राम कुनघारा, तहसील देपालपुर ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उन्होंने वर्ष 2024 में किसान क्रेडिट कार्ड के तहत दो लाख रुपये का ऋण लिया था। वर्ष 2026 में ऋण का नवीनीकरण कराने के लिए उन्हें ब्याज सहित दो लाख 30 हजार रुपये जमा करना थे, लेकिन आरोपियों द्वारा ऋण नवीनीकरण के लिए 20 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने आज सेवा सहकारी संस्था मर्यादित अत्याना, गौतमपुरा में जाल बिछाकर कार्रवाई की।
इस दौरान कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रभारी समिति प्रबंधक अमन जोशी तथा सहायक समिति प्रबंधक रमेशचंद्र पंड्या को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई कार्यवाहक निरीक्षक प्रतिभा तोमर के नेतृत्व में लोकायुक्त दल ने की।
© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur