जो जीता वह विजेता, जो हारा वह और मेहनत करेंः आईजी सक्सैना
- खेलों से मन में एक नई ऊर्जा का संचार होता हैः एसएसपी धर्मवीर
- 34वीं अंतरजिला उत्तरी जोन पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ समापन
ग्वालियर। 34वीं अंतरजिला उत्तरी जोन पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में 14 जिलों की टीमों ने खेलों में भाग लिया और आप सभी ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया इसके लिये आप सभी बधाई के पात्र हैं। जो जीता वह विजेता है और जो हारा वह और मेहनत करें। जिससे आने वाले समय में उनकी टीमें बेहतर प्रदर्शन कर सकें। यह बात पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना ने 34वीं अंतरजिला उत्तरी जोन पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कहीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने प्रतियोगिता में ओवर ऑल चैम्पियन रही ग्वालियर पुलिस की टीम को बधाई देते हुये खिलाड़ियों से कहा कि यह जरूरी नही कि हम जीते, आपके द्वारा अपने जिले से आकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताआंे में भाग लिया यह महत्वपूर्ण है। इससे खेलों के प्रति आपके मन में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। शुक्रवार को 34वीं अंतरजिला उत्तरी जोन पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आईजी अरविंद सक्सैना एवं एसएसपी धर्मवीर सिंह ने विभिन्न जिलों के विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने टीम मैनेजर व खेल अधिकारियों को भी सम्मनित किया।
ग्वालियर में 8 से 12 जून तक आयोजित 34वीं अंतरजिला उत्तरी जोन खेलकूद प्रतियोगिता को शुक्रवार को समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में चार रेंज (ग्वालियर, चंबल, सागर, छतरपुर) के 14 जिलों (ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिण्ड, दतिया, श्योपुर, मुरैना, सागर, निवाडी, टीकमगढ, छतरपुर, पन्ना, दमोह) के लगभग 190 खिलाडियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता मे वास्केटबॉल, हेंडबॉल, क्रिकेट, व्हालीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बेडमिंटन, कबड्डी एवं एथलेटिक्स के विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की ऑवरऑल ट्रॉफी जिला बल ग्वालियर के नाम रही। अंत में विभिन्न जिलों से आई पुलिस टीमों द्वारा द्वारा मार्चपास्ट किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुमन गुर्जर, अति. पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर, रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह, डीएसपी यातायात अजीत सिंह चैहान, सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार, सीएसपी इंदरगंज रोबिल जैन, रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, जिला खेल अधिकारी ग्वालियर जोशेफ वक्शला उपस्थित रहें।