रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7,930 घनमीटर रेत जब्त
ग्वालियर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर गई संयुक्त टीम ने अवैध रूप से भंडारित 7,930 घनमीटर अवैध रेत जब्त किया है। जब्त की गई रेत से शासन को लगभग 26.80 लाख रुपये राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। इसके साथ ही अवैध रेत परिवहन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी जब्त की गई हैं।
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने बताया डबरा अनुविभाग के अंतर्गत तहसील पिछोर के ग्राम काशीपुर एवं कूड़ाची में कार्रवाई करते हुए शासकीय सर्वे नंबरों पर अवैध रूप से भंडारित 7,750 घनमीटर रेत जब्त की गई। यह रेत वर्षाकाल में ऊंचे दामों पर बिक्री के उद्देश्य से संग्रहित की गई थी।इसी प्रकार ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 180 घनमीटर अवैध रेत का भंडारण जब्त किया गया। इस प्रकार जिले में कुल 7,930 घनमीटर अवैध रेत जब्त की गई है। खनिज विभाग ने अवैध भंडारण के साथ-साथ अवैध परिवहन के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की। ग्वालियर शहर में अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग 20 हजार घनमीटर अवैध रेत जब्त की जा चुकी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।