चेंबर चुनाव समय पर ही होंगे, असाधारण सभा में आपत्ति खारिज
- अब 15 को कार्यकारिणी में चुनाव अधिकारी का ऐलान होगा
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के चुनावों को आगे सरकाने को लेकर बुलाई गई असाधारण सभा में चेंबर सदस्य विजय सोमानी द्वारा धारा 12 के तहत लगाई गई आपत्ति शुक्रवार को सदस्यों के आपसी पुरजोर विरोध के बाद खारिज कर दी गई। अब चेंबर की कार्यकारिणी की बैठक 15 जून को सायं बुलाई गई हैं, जिसमे चुनाव अधिकारी की नियुक्ति के साथ ही 18 जुलाई से पहले निर्वाचन का रास्ता साफ हो जायेगा।
हालांकि शुक्रवार को चेंबर के व्यापारी नेता और बाल ठाकरे के नाम से चर्चित संजीव अग्रवाल कुक्कू और चेंबर सदस्य विजय सोमानी ने तर्क रखा कि अध्यक्ष जी को हम 116 लोगों ने जो पत्र लिखा है उसमे भीषण गर्मी को देखते हुये चुनाव आगे बढ़ाने की मांग संविधान अनुसार ही है, यदि आप 15 जुलाई को आचार संहिता लगा दें तो चेंबर का संविधान भी प्रभावित नहीं होगा और चेंबर सदस्य व प्रत्याशी भी भीषण गर्मी से निजात पा जायेंगे। इसके साथ सबका सम्मान व सबकी बात रह जायेगी। लेकिन कुक्कू व सोमानी की बात सुनकर चेंबर अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल ने 350 से भी अधिक उपस्थित सदस्यों से असाधारण सभा में कहा कि धारा 17-5 अनुमति नहीं देती है कि इस पर चर्चा कराई जाये। अतः असाधारण सभा में यह आपत्ति निरस्त की जाती है। अब 15 जून को कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमे निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी।
सदन मेरे लिये सर्वोपरिः कुक्कू
इस मौके पर चेंबर सदस्यों में एंग्री यंगमैन के रूप में उभरे संजीव अग्रवाल कुक्कू ने भी अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल की बात का मान रखा। उन्होंने कहा कि सदन मेरे लिये सर्वोपरि है, जो निर्णय सदन करेगा वह मुझे मान्य है।
अध्यक्ष, सचिव की चाणक्य नीति काम आई
चेंबर अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल व सचिव दीपक अग्रवाल ने जिस संयम से इस मामले को फेस किया, वह काबिले तारीफ है, वरना आज सदस्य हंगामे के मूड में थे। डा. अग्रवाल व दीपक अग्रवाल ने कहा कि हम चेंबर के विधान से बाहर नहीं जायेंगे, चेंबर व्यापारियों के हितों की संस्था है और हम सब इस पर हमेशा कायम रहेंगे। चेंबर अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल की शिष्ट शैली व वाक चातुर्यता से असाधारण सभा में आये सदस्य बेहद संतुष्ट दिखाई दिये। वहीं चुनाव आगे बढ़ाने की मांग करने वाले कुक्कू भी चेंबर अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल व सचिव दीपक अग्रवाल के साथ दिखे। इस मौके पर चेंबर के संयुक्त अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल भी साथ थे। सहसचिव पवन अग्रवाल देर से पहुंचे।