स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस साधारण सभा की बैठक शनिवार को
ग्वालियर । भारतीय जनता पार्टी की सरकार एवं विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आम जनता पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपने, लगातार बढ़ती बिजली समस्याओं, घोषित-अघोषित बिजली कटौती तथा मनमाने और भारी-भरकम बिजली बिलों के माध्यम से ग्वालियर महानगर सहित प्रदेश की जनता का आर्थिक शोषण किए जाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी अब सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी।
इसी उद्देश्य से 13 जून शनिवार को शाम 4 बजे कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी पर कांग्रेस की एक अत्यंत महत्वपूर्ण साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में जनता के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने बताया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश की जनता बिजली संकट, महंगी दरों, गलत बिलिंग और अघोषित कटौती से त्रस्त है। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जबकि सरकार और बिजली कंपनी जनता को बेहतर एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता की इस पीड़ा को अपनी लड़ाई मानती है और अब घर-घर, वार्ड-वार्ड जनजागरण एवं जनसंघर्ष हल्ला बोल हस्ताक्षर अभियान चलाकर भाजपा सरकार और बिजली कंपनी की जनविरोधी नीतियों का उजागर कर रही है।