लोकायुक्त ने 10 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को पकड़ा, नामांतरण करने के एवज में मांगी थी रिश्वत
सागर| लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए पटवारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। पटवारी कृषि भूमि का नामांतरण करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। लोकायुक्त मामले में कार्रवाई कर रही है।
सागर लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर ने बताया कि फरियादी भगवानदास सोलंकी निवासी जैसीनगर ने लोकायुक्त में 8 जून को शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि उनकी करीब साढ़े 3 एकड़ कृषि भूमि कंकर कुइयां बम्होरी घाट में है। जिसका नामांतरण करना है। नामांतरण कराने के लिए वे कंकर कुइयां हल्का के पटवारी मानवेंद्र सिंह से मिले। पटवारी ने नामांतरण कराने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर पटवारी नामांतरण नहीं कर रहा था। परेशान होकर फरियादी ने शिकायत की। शिकायत मिलते ही लोकायुक्त ने जांच शुरू की। जांच में शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद शुक्रवार को लोकायुक्त की टीम ने फरियादी भगवानदास को रिश्वत की राशि लेकर पटवारी के पास भेजा।
पटवारी ने फरियादी को पहले संजय ड्राइव पर बुलाया। भगवानदास संजय ड्राइव पहुंचे तो उसने कहा कि 3 मिनट में तिली तिगड्डा आ जाओ। वे तिली तिगड्डा पहुंचे और रिश्वत की राशि पटवारी को दी। पैसे देते ही लोकायुक्त की टीम ने घेराबंदी कर पटवारी मानवेंद्र सिंह को रंगे हाथ 10 हजार की रिश्वत के साथ पकड़ लिया। लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि पटवारी मानवेंद्र सिंह को 10 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा है। पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।