ग्वालियर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने सभी संबंधित अधिकारियों को कचरा ट्रांसफर स्टेशनों (एफ.सी.टी.एस.) के व्यवस्थित संचालन एवं घर-घर से शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफ.सी.टी.एस. पर पहुंचने वाले कचरा वाहनों को बिना अनावश्यक विलंब के शीघ्र खाली कराया जाए, ताकि संग्रहण व्यवस्था प्रभावित न हो।
बैठक में अपर आयुक्त राव ने एफ.सी.टी.एस. एवं कार्यशाला संचालन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी डिपो प्रभारियों, एफ.सी.टी.एस. प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। अपर आयुक्त ने कहा कि कचरा संग्रहण में लगे सभी वाहन प्रतिदिन निर्धारित समय पर अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचें तथा प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाए। बैठक के दौरान अधिकारियों एवं प्रभारियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर भी चर्चा की गई। अपर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि संचालन संबंधी जो भी व्यावहारिक समस्याएं सामने आएंगी, उनका यथासंभव निराकरण किया जाएगा ताकि स्वच्छता व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो सके। बैठक में कार्यशाला प्रभारी पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, सभी डिपो प्रभारी, सभी एफ.सी.टी.एस. प्रभारी तथा स्मार्ट सिटी के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।