ग्वालियर। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा समाज की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक मूल्यों एवं सामाजिक एकता को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन 7 जून रविवार को सायं 5 बजे से संस्कृति बैंक्वेट हॉल में किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल एवं आकर्षक बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसी क्रम में महिलाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मांगलिक गीतों एवं पारंपरिक रस्मों के मंचन हेतु लगातार रिहर्सल की जा रही है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल एवं महिला विंग अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन अग्रवाल समाज की परंपराओं, संस्कारों एवं सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं एवं बच्चे, बच्चियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण समाज के उन प्रतिभाशाली बच्चों एवं युवाओं का सम्मान होगा जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे अग्रवाल समाज का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर आईएएस अधिकारी माधव अग्रवाल, आईआईटी प्रवेश परीक्षा में भारत में ग्यारवा स्थान प्राप्त करने वाले निकुंज अग्रवाल, यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली आयुषी बंसल तथा सृष्टि गोयल को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि समाज के प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। बड़ी संख्या में समाजजन इस आयोजन में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे ।