पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया जाए: संभागीय आयुक्त

ग्वालियर।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता के अनुरूप 5 जून से राज्य स्तरीय जनकल्याण अभियान में पात्र हितग्राहियों को केन्द्र और राज्य की विभिन्न योजना का लाभ देने का कार्य सम्पूर्ण प्रदेश में किया जायेगा। विश्व पर्यावरण दिवस से “एक पेड़ माँ के नाम”, स्वच्छता अभियान, जनकल्यण शिविर एवं प्राकृतिक खेती कार्यशालायें तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस गतिविधियों का क्रियान्वयन सभी जिलों में किया जायेगा। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने शनिवार को गूगल मीट के माध्यम से ग्वालियर संभाग के सभी जिला कलेक्टरों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप जनकल्याण अभियान के तहत केन्द्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य किया जाए। इसके लिये सभी जिलों में शिविर आयोजित कर हितग्राहियों का चिन्हांकन और योजनाओं का लाभ दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा है कि सभी जिलों में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिये एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए। नोडल अधिकारी प्रतिदिन होने वाले आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट संभागीय मुख्यालय पर भी प्रस्तुत करें। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने विभाग के सभी जिला प्रमुखों से कहा है कि 12 जून से 18 जून की अवधि में विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाना है। इसके लिये हितग्राहियों का योजनाओं के लिये चयन और प्रचलित योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिले, इसके लिये रणनीति बनाकर शिविर आयोजित किए जाएं ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। शिविर में आने वाले आवेदन पत्रों का भी संवेदनशीलता के साथ निराकरण हो। शिविर के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न हो। इसके साथ ही 19 व 20 जून को हर जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिये कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्राकृतिक खेती के लिये प्रदेश में किए जा रहे नवाचारों से भी किसान भाई अवगत हो सकें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। 
संभागीय आयुक्त खत्री ने कहा कि 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी हो, इसके लिये जन जागरूकता अभियान शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में संपादित किया जाए ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में सभी वर्ग के लोग भागीदार बन सकें। गूगल मीट के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिले में जनकल्याण अभियान के तहत की जा रहीं गतिविधियों की जानकारी दी। इसके साथ ही केन्द्र व राज्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले, इसके लिये जिले में तैयार की गई रूपरेखा के बारे में भी जानकारी दी।

posted by Admin
14

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->