स्मार्ट मीटर नीति के खिलाफ वार्ड-वार्ड चलेगा हस्ताक्षर आंदोलन, रोशनीघर पर होगा हल्ला बोल जनआंदोलन

ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी पर ब्लॉक अध्यक्षगणों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा सरकार के ऊर्जा विभाग द्वारा शहर की जनता के घरों में जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों, लगातार बढ़ती बिजली समस्याओं तथा घोषित-अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क पर संघर्ष करेगी। आंदोलन के प्रथम चरण में सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में उनके अंतर्गत आने वाले वार्डों में व्यापक जनहस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हस्ताक्षर अभियान पूर्ण होने के पश्चात शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में रोशनीघर पर विशाल जनआंदोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहर की जनता की बिजली संबंधी समस्याओं, स्मार्ट मीटरों की जबरन लगाना और बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की जाएगी। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को 24 घंटे बिजली देने का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज स्थिति यह है कि शहर में लगातार घोषित-अघोषित बिजली कटौती हो रही है। जनता बिजली संकट से परेशान है और सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय जबरन स्मार्ट मीटर लगाने में जुटी हुई है। कांग्रेस का स्पष्ट कहना है कि जनता की सहमति के बिना किसी भी घर परं स्मार्ट मीटर लगाने की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी। भाजपा सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह विफल रही है और अब अपनी नाकामियों का बोझ आम उपभोक्ताओं पर डालना चाहती है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी जनता के हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। वार्ड-वार्ड हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा और उसके बाद रोशनीघर पर विशाल जनसंघर्ष कर भाजपा सरकार और बिजली विभाग को जनता की ताकत का अहसास कराया जाएगा। भाजपा सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया और स्मार्ट मीटर लगाने की जबरदस्ती बंद नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक बनाएगी। जनता के अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनता को 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि मेंटेनेंस के नाम पर लगातार घोषित एवं अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। दूसरी ओर बिजली उपभोक्ताओं पर उनकी सहमति के बिना स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय बिजली कंपनियों के हितों की रक्षा करने में लगी हुई है। स्मार्ट मीटरों के माध्यम से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की तैयारी की जा रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। बैठक में संगठन महामंत्री इब्राहिम पठान, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव, अनुप शिवहरे, श्रीमती रेखा, मुनेन्द्र भदौरिया, महेश धनोलिया, अंसार खान, श्याम सुदंर श्रीवास्तव, राकेश कुशवाह, धर्मवीर राठौर, कुलदीप व्यास, हरि जाटव आदि उपस्थित थे।

posted by Admin
27

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->